सावित्री राजकीय महिला छात्रावास में गरबा उत्सव की धूम: भक्ति और उल्लास से भारतीय संस्कृति के रंग में रंगीं छात्राएँ:

महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के सावित्री राजकीय महिला छात्रावास में आज नवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में छात्रावास की सांस्कृतिक समिति द्वारा गरबा उत्सव का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा, सांस्कृतिक अभिरुचि एवं सामूहिक सहभागिता का सुंदर परिचय देते हुए भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। कार्यक्रम का आयोजन छात्रावास की सांस्कृतिक समिति की छात्राओं द्वारा किया गया। इस आयोजन की विशेषता यह रही कि छात्राओं ने कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा स्वयं तैयार की तथा आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का दायित्व सामूहिक रूप से निभाया। छात्राओं ने छात्रावास परिसर को आकर्षक ढंग से सजाकर उत्सव का मनमोहक वातावरण तैयार किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सायंकाल माँ दुर्गा की आरती एवं भक्ति गीतों के साथ हुआ। छात्राओं ने सामूहिक रूप से माता रानी की आराधना की तथा देवी भेंटों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित छात्राओं ने गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। पारंपरिक संगीत की मधुर धुनों पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक गरबा नृत्य कर नवरात्रि पर्व के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व को जीवंत किया। पूरा छात्रावास परिसर भक्ति, उमंग और उत्सव के रंगों से सराबोर दिखाई दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने छात्राओं को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रेषित करते हुए अपने संदेश में कहा कि भारतीय संस्कृति में नवरात्रि पर्व नारी शक्ति, आत्मविश्वास, सकारात्मक ऊर्जा एवं सृजनशीलता का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल, सामूहिक उत्तरदायित्व एवं परस्पर सहयोग की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना भी है।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteछात्राओं द्वारा स्वयं की पहल पर इस प्रकार के आयोजन करना उनकी रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता एवं नेतृत्व क्षमता का परिचायक है। कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, वित्त अधिकारी  महिमा चंद तथा परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव ने भी छात्रावास की सभी छात्राओं को नवरात्रि पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।छात्रावास वार्डन डॉ. ज्योति पाण्डेय ने छात्राओं के उत्साह एवं सांस्कृतिक समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नवरात्रि केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति, आत्मसम्मान, साहस एवं सकारात्मक ऊर्जा का उत्सव भी है। उन्होंने कहा कि छात्रावास केवल आवासीय सुविधा प्रदान करने का स्थान नहीं, बल्कि छात्राओं में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सहयोग, नेतृत्व क्षमता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के विकास का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। इस प्रकार के आयोजन छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं तथा उनमें पारिवारिक सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता करते हुए कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएँ स्वयं संभालीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में छात्रावास की सांस्कृतिक समिति की छात्राओं का विशेष योगदान रहा। छात्राओं ने कार्यक्रम की तैयारियों से लेकर छात्रावास की साज-सज्जा, पूजा-अर्चना एवं गरबा नृत्य की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर छात्रावास वार्डन डॉ. ज्योति पाण्डेय , तथा छात्रावास स्टाफ श्रीमती मीना पांडे, श्रीमती नीलाक्षी एवं श्रीमती राखी सहित छात्राओं भूमि, नैंसी, सत्यसाक्षी, नेहा, मनीषा, खुशी, माही, वैष्णवी, अदिति, तनु, गुंजन, तनिषा, फाल्गुनी , गुंजन चंद्रप्रभा,नेहा, मणि ,कोमल, श्वेता,अमृता, अंकिता, गरिमा,एवं प्रियंका आदि ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन माँ दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना के साथ हुआ।

मीडिया सेल
एमजेपी आर. यू.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *