धौलाना।धौलाना तहसील में कार्यरत कानूनगो को एंटी करप्शन टीम ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान केपी सिंह की शिकायत पर कार्रवाई की गई। आरोप है कि धौलाना तहसील में तैनात कानूनगो विजेंद्र सिंह जमीन संबंधी शिकायत के निस्तारण के लिए काफी समय से 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था और न देने पर शिकायत को गलत तरीके से लगाने की धमकी दे रहा था। परेशान होकर किसान ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की।योजना के अनुसार टीम ने कानूनगो को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया और नोटों पर उसके फिंगर प्रिंट लिए।
वहीं, लेखपाल संघ के अध्यक्ष निर्देश पाल ने बताया कि शिकायतकर्ता केपी सिंह एक डॉक्टर है, जिसने अपने क्लीनिक पर बुलाकर कानूनगो को जबरन फंसाया है। लेखपाल संघ ने थाने पर हंगामा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो समाधान दिवस का बहिष्कार किया जाएगा।इस संबंध में सीओ मुनीश चंद ने बताया कि एंटी करप्शन टीम द्वारा गिरफ्तार कानूनगो के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।