गाजीपुर। जेल अधीक्षक जगदम्बा प्रसाद दुबे के प्रयास और गंधर्व म्यूजिक एकेडमी एवं तुलसी सागर गाजीपुर के सौजन्य से जिला कारागार गाजीपुर में निरुद्ध बंदियों को संगीत एवं वाद्य यंत्रों का प्रशिक्षण देने की पहल शुरू की गई है। बुधवार को जेल परिसर में संगीत/गायन/वादन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जेल अधीक्षक जगदम्बा प्रसाद दुबे ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान गंधर्व म्यूजिक एकेडमी के निदेशक विद्यानिवास पांडेय ने बंदियों को संगीत के विभिन्न स्वरूपों और वाद्य यंत्रों के संबंध में जानकारी दी। बंदियों को गायन के साथ हारमोनियम, ढोलक, मंजीरा आदि वाद्य यंत्रों के प्रशिक्षण की जानकारी भी दी गई।जेल प्रशासन के अनुसार इच्छुक बंदियों के लिए प्रत्येक शुक्रवार और शनिवार को नियमित संगीत कक्षाएं संचालित की जाएंगी। प्रशिक्षण के माध्यम से बंदियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा।इस अवसर पर जेलर शेषनाथ यादव, उपकारापाल राजेश कुमार, शिक्षाध्यापक धर्मेंद्र श्रीवास्तव, अभय मौर्य सहित गंधर्व म्यूजिक एकेडमी के नारायण गुप्ता, अंकित राजभर, दीपक कुमार एवं कारागार स्टाफ मौजूद रहा।