महराजगंज तराई( बलरामपुर) विगत कई महीनों से भीषण गर्मी के बीच बिजली की समस्या विकट रूप ले चुकी है। आए दिन बिजली कटौती के साथ ही ओवरलोड की समस्या बनी हुई थी। समस्या को देखते हुए कई बार क्षेत्रवासियों ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। विभागीय अधिकारियों के प्रयास से समस्या के समाधान के लिए विद्युत विभाग ने विद्युत उपकेंद्र महराजगंज तराई में पांच एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने की कवायद शुरू कर दी है।नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद तराई क्षेत्र में गर्मी से परेशान ग्रामीणों को बिजली की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे उपकेंद्र पर विद्युत भार कम होगा और बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार आएगा। बुधवार को विद्युत विभाग के अवर अभियंता विजय कुमार महतो ने बताया कि स्थानीय विद्युत उपकेंद्र पर पांच एमवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ट्रांसफार्मर लगते ही विद्युत व्यवस्था में सुधार आएगा। इससे महराजगंज कस्बा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।