क्या फ्री डिजिटल पेमेंट का दौर अब खत्म हो रहा है?

भारत में कुछ आर्थिक फैसले केवल अर्थव्यवस्था को नहीं बदलते, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की आदतों को भी बदल देते हैं। यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। 2016 में जब UPI की शुरुआत हुई थी, तब शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि एक दशक के भीतर यह भारत की दैनिक अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन जाएगा। चाय की दुकान से लेकर मॉल तक, सब्जी विक्रेता से अस्पताल तक और टैक्सी चालक से टैक्स कंसल्टेंट तक, हर जगह डिजिटल भुगतान सामान्य हो चुका है। पैसे भेजना और लेना आसान हुआ है तथा जेब में नकदी रखने की जरूरत भी काफी कम हुई है।लेकिन अब UPI के सामने एक नया सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या डिजिटल भुगतान हमेशा मुफ्त रह सकता है?15 अक्टूबर, 2026 से 2000 रुपए से चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट यानी P2M UPI भुगतान पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू होने वाला है। यह शुल्क ग्राहक से नहीं, बल्कि व्यापारी से लिया जाएगा। 75,000 रुपए से अधिक के लेनदेन पर MDR की अधिकतम सीमा 300 रुपए होगी। 2,000 रुपए तक के P2M भुगतान और पर्सन-टू-पर्सन यानी P2P भुगतान मुफ्त रहेंगे। सरकार के अनुसार करीब 96 प्रतिशत P2M लेनदेन इस बदलाव से प्रभावित नहीं होंगे। कागज पर यह बदलाव छोटा दिखाई देता है, लेकिन इसका असर डिजिटल भुगतान की पूरी व्यवस्था पर पड़ सकता है।UPI को सिर्फ मोबाइल से पैसे भेजने की सुविधा समझना इसके व्यापक प्रभाव को कम करके आंकना होगा। यह एक पूरा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर बन चुका है। वित्तीय वर्ष 2016-17 में UPI पर पूरे साल लगभग 1.78 करोड़ लेनदेन हुए थे। वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 24,162 करोड़ से अधिक हो गई। लेनदेन का मूल्य भी 3.07 लाख करोड़ से बढ़कर लगभग ₹3.14 लाख करोड़ तक पहुंच गया। यानी एक दशक में लेनदेन की संख्या में करीब 12,000 गुना और मूल्य में लगभग 4,000 गुना वृद्धि हुई।
जुलाई 2026 में UPI पर 2,365 करोड़ से अधिक लेनदेन हुए, जबकि अगस्त में यह आंकड़ा करीब 2,451 करोड़ तक पहुंच गया। अगस्त 2026 तक 750 से अधिक बैंक UPI से जुड़ चुके थे। ये आंकड़े बताते हैं कि UPI अब केवल तकनीक नहीं, बल्कि देश की आर्थिक गतिविधियों का रोजमर्रा का हिस्सा बन चुका है।
नई व्यवस्था में MDR सीधे ग्राहक से नहीं लिया जाएगा। लेकिन बाजार में कोई भी लागत पूरी तरह गायब नहीं होती। वह किसी न किसी रूप में कहीं न कहीं दिखाई देती है।मान लीजिए किसी दुकानदार को 10,000 रुपए का UPI भुगतान मिलता है तो 0.4 प्रतिशत MDR के हिसाब से उसे 40 रुपए देने होंगे। 50,000 रुपए के भुगतान पर यह राशि 200 रुपए और 75,000 रुपए या उससे अधिक के भुगतान पर अधिकतम 300 रुपए होगी। ग्राहक को यह राशि सीधे दिखाई नहीं देगी, लेकिन व्यापारी की लागत में इसका हिसाब जरूर जुड़ेगा।बड़े रिटेलर के लिए यह लागत शायद बहुत बड़ी न हो, लेकिन छोटे व्यापारी के लिए इसका महत्व अलग है। मान लीजिए किसी कारोबारी का मार्जिन केवल 5 प्रतिशत है। इसी मार्जिन में उसे किराया, कर्मचारियों का वेतन, बिजली, जीएसटी और स्टॉक की लागत निकालनी है। ऐसे में डिजिटल भुगतान की लागत भी उसके कारोबारी गणित का हिस्सा बन जाती है। हालांकि छोटे कारोबारियों को राहत देने के लिए QR आधारित UPI से महीने में 1 लाख रुपए तक भुगतान प्राप्त करने वाले छोटे व्यापारियों को MDR से बाहर रखने का प्रावधान है।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/
असली परीक्षा यह है कि लागत ग्राहक तक पहुंचेगी या नहीं?
यहीं सबसे बड़ा सवाल पैदा होता है। सरकार और NPCI का कहना है कि MDR का बोझ ग्राहक पर नहीं डाला जाना चाहिए। लेकिन बाजार में व्यापारी के सामने लागत को संभालने के कई रास्ते होते हैं। पहला, वह खुद इस लागत को वहन करे। दूसरा, अपने मुनाफे में से इसका समायोजन करे। तीसरा, किसी न किसी रूप में इसे वस्तु या सेवा की कीमत में शामिल कर दे।तीसरा विकल्प सबसे महत्वपूर्ण है। ग्राहक को दुकान पर अलग से UPI शुल्क दिखाई नहीं देगा, लेकिन संभव है कि वस्तु की कीमत में मामूली बदलाव हो। यानी MDR भले ही बिल पर अलग से नजर न आए, उसका आर्थिक प्रभाव दिखाई दे सकता है।इसलिए आने वाले महीनों में केवल यह देखना पर्याप्त नहीं होगा कि ग्राहक से सीधे UPI चार्ज लिया जा रहा है या नहीं। यह भी देखना होगा कि व्यापारियों का मूल्य निर्धारण व्यवहार बदलता है या नहीं। क्या 2,000 रुपए से अधिक के भुगतान पर व्यापारी ग्राहकों को कार्ड या बैंक ट्रांसफर का विकल्प सुझाएंगे? क्या बड़ी खरीदारी को छोटे-छोटे भुगतान में बांटने की कोशिश होगी? इन सवालों के जवाब ही बताएंगे कि MDR का वास्तविक प्रभाव कितना है।सामान्य ग्राहक के लिए यह समझना जरूरी है कि UPI को चलाना वास्तव में मुफ्त नहीं है। इसके पीछे सर्वर, साइबर सुरक्षा, फ्रॉड मॉनिटरिंग, बैंकिंग सिस्टम, ग्राहक सहायता और तकनीकी सपोर्ट जैसी पूरी व्यवस्था काम करती है। जैसे-जैसे लेनदेन की संख्या बढ़ती है, वैसे-वैसे इस व्यवस्था को बनाए रखने की लागत भी बढ़ती है।पिछले वर्षों में सरकार ने UPI इकोसिस्टम को इंसेंटिव के जरिए सहारा दिया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए लो-वैल्यू BHIM-UPI P2M लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए 1,500 करोड़ रुपए की इंसेंटिव स्कीम मंजूर की गई थी। लेकिन सवाल यह है कि क्या दुनिया के सबसे बड़े रियल-टाइम पेमेंट इकोसिस्टम को लंबे समय तक केवल सरकारी इंसेंटिव के सहारे चलाया जा सकता है? शायद नहीं।यहीं MDR का दूसरा पहलू सामने आता है। इसे केवल शुल्क लगाने के फैसले के रूप में देखना पर्याप्त नहीं होगा। यह UPI को सब्सिडी आधारित माडल से धीरे-धीरे टिकाऊ कारोबारी माडल की ओर ले जाने का प्रयास भी हो सकता है। बड़े भुगतान से उत्पन्न राजस्व पेमेंट इकोसिस्टम के अलग-अलग हिस्सेदारों-बैंकों, पेमेंट सर्विस प्रोवाइडरों और पेमेंट ऐप्स।के लिए नई तकनीक और बुनियादी ढांचे में निवेश का आधार बन सकता है।
UPI 3.0 : QR से क्रेडिट तक
UPI की अगली यात्रा केवल भुगतान तक सीमित रहने वाली नहीं है। आज हम UPI से पैसे भेजते हैं, लेकिन भविष्य में यही डिजिटल लेनदेन रिकार्ड क्रेडिट यानी ऋण प्राप्त करने में भी उपयोगी हो सकता है।किसी छोटे व्यापारी के पास बड़ी जमानत या संपत्ति न हो, लेकिन उसके पास तीन साल का डिजिटल लेनदेन रिकार्ड हो सकता है। बैंक इस रिकार्ड से उसके कारोबार और कैश फ्लो को समझने में मदद ले सकते हैं। यहां ULEI यानी ‘यूनिफाइड लेंडिंग इंटरफेस’ जैसी व्यवस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।UPI भुगतान की एक डिजिटल पटरी है। इसके आसपास क्रेडिट, लेंडिंग, इंश्योरेंस और अन्य वित्तीय उत्पादों का बड़ा इकोसिस्टम विकसित हो सकता है। इसलिए UPI 3.0 की चर्चा केवल तेज भुगतान की नहीं होगी। यह भुगतान से क्रेडिट और QR से व्यापक वित्तीय प्लेटफार्म की ओर बढ़ने की कहानी भी हो सकती है।
सवाल शुल्क का नहीं, व्यवस्था की स्थिरता का है
UPI की कहानी में 2016 पहला अध्याय था। इसके बाद नोटबंदी आई, डिजिटल भुगतान की चर्चा तेज हुई, फिर कोविड महामारी आई और UPI घर-घर पहुंच गया। QR कोड ने इसे और आसान बनाया और आज UPI ठेले से लेकर बड़े मॉल तक दिखाई देता है। अब MDR का नया अध्याय शुरू हो रहा है।इसे केवल UPI पर लगाए जाने वाले शुल्क के रूप में देखना अधूरा होगा। यह UPI के कारोबारी माडल की भी परीक्षा है।ग्राहक जानना चाहता है कि क्या इसका असर वस्तुओं की कीमत पर पड़ेगा? बैंक के सामने सवाल है कि डिजिटल भुगतान का खर्च कौन उठाएगा? फिनटेक कंपनियों के लिए चुनौती है कि नए राजस्व मॉडल के साथ प्रतिस्पर्धा किस दिशा में जाएगी?और देश के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि क्या दुनिया के सबसे बड़े रियल-टाइम पेमेंट इकोसिस्टम को लंबे समय तक टिकाऊ बनाया जा सकता है?
इसका जवाब केवल सरकार के पास नहीं है। बैंक, NPCI, पेमेंट ऐप्स, व्यापारी और ग्राहक, सभी इस व्यवस्था के हिस्सेदार हैं। मुफ्त सुविधाएं लोगों को तेजी से जोड़ती हैं, लेकिन लंबे समय तक चलने वाली व्यवस्था के लिए लागत, कमाई और भरोसे, तीनों का संतुलन जरूरी है।UPI ने भारत को नकदी से QR तक पहुंचाया है। अब आगे की यात्रा शायद QR से क्रेडिट तक और भुगतान से वित्तीय प्लेटफार्म तक होगी। यही वह दौर होगा, जब UPI की लोकप्रियता के साथ उसकी आर्थिक स्थिरता की भी परीक्षा होगी। आखिर ताली तो दोनों हाथों से ही बजेगी न?
स्नेहा सिंह
जेड-436ए, सेक्टर-12,
नोएडा-201301 (उ.प्र.)
मो- 8368681336

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *