उन्नाव। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को जिले की सभी तहसीलों से किसान यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खाद की उपलब्धता से लेकर फसल नुकसान, सड़क, गोवंश, राशन कोटे और जमीन संबंधी मामलों को प्रमुखता से उठाया गया।किसान यूनियन ने मांग की कि जिले की सभी तहसीलों और ब्लॉकों में स्थित समितियों पर डीएपी और यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाए, जिससे किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े और समय से खाद मिल सके।
जमीन संबंधी मामले के निस्तारण की मांग
ज्ञापन में हसनगंज तहसील क्षेत्र की जमीन से जुड़े मामले को भी उठाया गया। यूनियन के अनुसार पांच लोगों के नाम दर्ज भूमि पर संबंधित किसानों का कब्जा है। मामले को लेकर कई बार प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं। समाधान दिवस में भी 2 मार्च 2026 को प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसकी रसीद भी बताई गई है, लेकिन अभी तक कार्रवाई न होने का आरोप लगाया गया। किसान यूनियन ने मामले की जांच कर शीघ्र निस्तारण की मांग की।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/
राशन कोटे की जांच की मांग
मियागंज ब्लॉक के ग्राम गौरा कला में कोटेदार से संबंधित शिकायत भी ज्ञापन में शामिल रही। किसान यूनियन के अनुसार पूर्व में कोटा रामबाबू के नाम था, जिनकी करीब पांच वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। वर्तमान में उनकी पत्नी नंदरानी द्वारा कोटा संचालित किए जाने की बात कही गई। संगठन ने पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
सड़क किनारे गोवंश और झाड़ियों से हादसे का खतरा
गौरा कला गांव में सड़क पर गोवंश और जंगली बबूल की झाड़ियों से होने वाली परेशानी का मुद्दा भी उठाया गया। यूनियन का कहना है कि सड़क किनारे उगी झाड़ियों और गोवंश के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है और हादसे का खतरा बना रहता है। सड़क किनारे सफाई कराने की मांग की गई।
बारिश से खराब फसल का मुआवजा मांगा
अधिक बारिश और जलभराव से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। किसान यूनियन ने सभी तहसीलों में सक्षम अधिकारियों से फसल नुकसान का सर्वे और आकलन कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की।
स्कूल तक सीसी रोड की मांग
सफीपुर ब्लॉक के सहादत नगर में कल्लू सिंह के दरवाजे से प्राथमिक पाठशाला तक सीसी रोड बनवाने की मांग भी ज्ञापन में की गई। यूनियन के अनुसार स्कूल तक उचित सड़क नहीं होने से बच्चों को आवागमन में परेशानी होती है। संगठन ने मौके की जांच कर सीसी रोड निर्माण कराने की मांग की।किसान यूनियन ने सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने की मांग करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान होने से ही उनके हित में किए जा रहे प्रयास सार्थक होंगे।