बहराइच (मिहींपुरवा)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय के निर्देश पर गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। शनिवार को एसडीएम मिहींपुरवा मोनालिसा जौहरी ने ग्राम पंचायत पौंडा स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोवंश के लिए चारा-पानी, चोकर, साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।एसडीएम ने गौशाला में मौजूद गोवंश की स्थिति देखी और संबंधित कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पर्याप्त हरा चारा, चोकर और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के साथ ही परिसर में नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। कर्मचारियों को गोवंश के रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही न बरतने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा।
read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/
डीएम ने सुधार के लिए दिया था 15 दिन का समय
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने जनपद की गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती दिखाई है। जिले में प्रथम आगमन के दौरान उन्होंने तहसील क्षेत्र के सेमरहना स्थित बृहद गो संरक्षण केंद्र (गौशाला) का निरीक्षण किया था। इस दौरान व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को 15 दिन का समय दिया था। इसके बाद गौशालाओं की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है।इसी क्रम में एसडीएम मोनालिसा जौहरी क्षेत्र की गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करा रही हैं। खंड विकास अधिकारी और पशु चिकित्सा अधिकारी को भी नियमित रूप से गौशालाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
छुट्टा गोवंश को गौशालाओं तक पहुंचाने पर जोर
प्रशासन की ओर से नगर क्षेत्र और हाईवे पर घूमने वाले छुट्टा गोवंश को सुरक्षित रूप से गौशालाओं तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि गौशालाओं में व्यवस्थाएं बेहतर होने से गोवंश को आश्रय देने में सुविधा होगी। नियमित निरीक्षण के माध्यम से लापरवाही संबंधी शिकायतों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।