छत पर फोन पर बात करने गए युवक की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत

नवाबगंज, उन्नाव। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के सराय जोगा गांव में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मकान की छत पर फोन पर बात करने गए 34 वर्षीय युवक की पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।हरदोई जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र के आंट दुलारपुर गांव निवासी श्याम प्रकाश (34) पुत्र सिद्धू राठौर सोमवार को सराय जोगा गांव में काम करने आया था। उसके गांव के कुछ लोग यहां स्थित फैक्ट्री में काम करते हैं। मंगलवार सुबह किसी का फोन आने पर श्याम प्रकाश बात करने के लिए मकान की छत पर चला गया। इसी दौरान छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/
पत्नी और दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। छोटे भाई रोहित ने बताया कि श्याम प्रकाश काम करने के लिए सोमवार को ही घर से आया था। मृतक अपने पीछे पत्नी प्रीति और दो बेटियां अनुष्का व तन्वी को छोड़ गया है। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां फूलमती का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोहरामऊ थाना प्रभारी अरविंद पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *