बिजनौर। सुबह घर से साथ निकले पति-पत्नी शाम तक वापस नहीं लौटे तो परिवार की चिंता बढ़ने लगी। जंगल में तलाश के दौरान दरांती और चप्पल मिलीं, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। रातभर परिवार उम्मीद और आशंका के बीच उन्हें तलाशता रहा। मंगलवार सुबह जंगल में जो मंजर सामने आया, उसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। पत्नी का शव गंगा किनारे कम पानी में पड़ा मिला, जबकि करीब एक किलोमीटर दूर पति का शव पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद गांव में मातम और इलाके में सनसनी फैल गई।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर काजी गांव का है। गांव निवासी देशराज उर्फ छोटे (40) अपनी पत्नी सुषमा (37) के साथ सोमवार सुबह करीब 10 बजे नहर की पटरी के किनारे जंगल में लकड़ी काटने गया था। परिजनों के मुताबिक, दंपती पिछले तीन दिनों से लगातार इसी क्षेत्र में लकड़ी काटने जा रहे थे। सोमवार को काफी समय बीतने के बाद भी दोनों घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।तलाश के दौरान जंगल में एक स्थान पर दरांती और चप्पल मिलीं, लेकिन दंपती का कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और परिवार के लोगों ने देर रात तक जंगल में तलाश की, मगर सफलता नहीं मिली।मंगलवार सुबह पुलिस और वन विभाग की टीम ने परिजनों के साथ दोबारा तलाश शुरू की। करीब आठ से दस बजे के बीच पहले सुषमा का शव गंगा किनारे कम पानी में मिला। इसके बाद करीब एक किलोमीटर दूर पेड़ पर देशराज का शव तार के सहारे लटका मिला।पुलिस के अनुसार सुषमा के गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया गला घोंटने की आशंका जताई जा रही है। वहीं देशराज के शव की स्थिति और उसके कपड़ों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। बताया गया कि देशराज के शरीर पर शर्ट नहीं थी और उसने अपनी पत्नी की सलवार पहन रखी थी। घटनास्थल की परिस्थितियों ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है।सूचना मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह, सीओ अभय पांडे समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/
‘मेरे भाई-भाभी की हत्या हुई है’
देशराज की बहन मोनी ने घटना को हत्या बताते हुए कहा कि उसके भाई और भाभी के साथ गलत हुआ है। उनका आरोप है कि सुषमा के गले पर फंदे के निशान थे और शव की स्थिति सामान्य नहीं थी। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां आत्महत्या की नहीं, बल्कि हत्या की ओर इशारा करती हैं।वहीं दंपती की बेटी कशिश का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता की मौत की खबर ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया। परिवार में दो बेटियां और दो बेटे हैं। घर के कमाने वाले देशराज और उसकी पत्नी की एक साथ मौत से बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के शव मिले हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जंगल में दोनों के साथ क्या हुआ, पत्नी की मौत कैसे हुई और पति का शव पेड़ तक कैसे पहुंचा—इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तलाशे जा रहे हैं।