ललितपुर। जनपद में पिछले दिनों हुई अत्यधिक भारी वर्षा के कारण किसानों की फसलों को पहुंचे भारी नुकसान को देखते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। जिलाधिकारी ने किसान भाइयों के हितों को सर्वाेपरि रखते हुए तत्काल प्रभाव से राहत पहुंचाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।इस सम्बंध में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया कि जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में फसल नुकसान का सही और त्वरित आकलन करने के लिए राजस्व विभाग, कृषि विभाग एवं फसल बीमा प्रतिनिधि की एक संयुक्त टीम गठित कर दी गई है। यह टीम पूरी पारदर्शिता के साथ फसलों का सर्वे करेगी। इस सर्वे के दायरे में जनपद के सभी बीमित 99,051 ऋणी कृषक तथा 3,162 गैर-ऋणी कृषक शामिल होंगे।*read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/
1,02,213 किसानों को अति शीघ्र मिलेगी क्षतिपूर्ति
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रभावित बीमित ऋणी और गैर-ऋणी दोनों ही श्रेणियों के कुल 1,02,213 कृषक भाइयों को फसल क्षति की तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के नियमों के अंतर्गत मध्यावस्था प्रतिकूलता (MSA-Mid Season Adversity) के तहत एक विशेष प्रस्ताव तैयार कर उत्तर प्रदेश की निदेशक, कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा को पहले ही भेजा जा चुका है।
मुआवजे की प्रक्रिया में तेजी लाने के सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने गठित संयुक्त टीम और बीमा कंपनी के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि नुकसान के आकलन और सर्वे की कार्रवाई को युद्धस्तर पर बिना किसी देरी के पूरा किया जाए, ताकि सभी प्रभावित बीमित किसान भाइयों को योजना के प्रावधानों के अनुसार अति शीघ्र क्षतिपूर्ति का लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन पूरी तरह से किसान भाइयों के साथ खड़ा है और प्रभावित बीमित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार अति शीघ्र क्षतिपूर्ति का लाभ दिलाया जाएगा।