नहटौर (बिजनौर) । भारतीय किसान संघ, खंड आकू-नहटौर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर बुद्धवार को खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी बिजनौर के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में किसान हित से जुड़ी प्रमुख मांगों को उठाते हुए कहा गया कि गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाए तथा चीनी मिलों के संचालन से पूर्व ही गन्ने का मूल्य स्पष्ट किया जाए। साथ ही किसानों के गन्ना बकाया भुगतान पर न्यायालय के आदेशानुसार ब्याज की धनराशि तत्काल किसानों के खातों में भेजने की मांग भी की गई। इसके साथ ही किसानों एवं घरेलू उपभोक्ताओं पर लगाए जा रहे अनावश्यक विद्युत भार को कम करने, पात्र किसानों के आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा वर्तमान कृषि लागत और महंगाई को देखते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि 6,000 से बढ़ाकर 12,000 वार्षिक किए जाने की मांग की गई।भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है। संघ ने सरकार से उपरोक्त मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई कर किसानों को राहत प्रदान करने की मांग की।
इस अवसर पर खण्ड अध्यक्ष राजेश कुमार,
खण्ड़ मंत्री कुलदीप सिंह तोमर,
सुशील राठी,
कुलदीप राठी
जागेश कुमार, चिंटू कुमार, लखन सिंह, युवा खंड प्रमुख धीरज सिंह,
धर्मेंद्र सिंह ,
संजीव कुमार आदि दायित्ववान कार्य कर्ता भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।