खबर का असर: समाचार प्रकाशित होते ही खुली प्रशासन की नींद, वनवासी बस्ती पहुंची ग्राम सचिव और प्रधान

गाजीपुर। मरदह विकासखंड के गोविंदपुर स्थित वनवासी बस्ती में लंबे समय से बनी बुनियादी सुविधाओं की समस्या को लेकर प्रकाशित खबर का असर सोमवार को देखने को मिला। सृष्टि सेवा ट्रस्ट की टीम द्वारा खंड विकास अधिकारी सुबेदिता सिंह को पत्र सौंपे जाने और इसके बाद समस्या को समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ। सोमवार को ग्राम सचिव कुमुद श्रीवास्तव और ग्राम प्रधान सूबेदार यादव बस्ती में पहुंचे और ग्रामीणों से समस्याओं की जानकारी ली।सुबह करीब 11 बजे बस्ती पहुंचे ग्राम सचिव और ग्राम प्रधान के समक्ष वनवासी समुदाय के लोगों ने नाली, शौचालय, स्ट्रीट लाइट, आवास और पेंशन सहित कई मूलभूत समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी। समस्याओं को लेकर ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।ग्रामीणों की शिकायतों को सुनने के बाद ग्राम सचिव कुमुद श्रीवास्तव ने अगले एक सप्ताह के भीतर पात्र लोगों के शौचालय के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/वहीं ग्राम प्रधान सूबेदार यादव ने बस्ती में नाली निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने तथा करीब 10 स्ट्रीट लाइट लगवाने की बात कही।
इस दौरान ग्रामीणों ने आवास और पेंशन से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।मौके पर समाजसेवी राजकुमार मौर्य, सोनम राजभर, उड़ाई बनवासी, शारदा देवी, श्रवण बनवासी, सुरेंद्र बनवासी समेत 50 से अधिक महिलाएं और बस्ती के लोग मौजूद रहे।
अब निगाह आश्वासनों के धरातल पर उतरने पर
समाचार प्रकाशन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के बस्ती में पहुंचने से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए। अब देखना होगा कि नाली, स्ट्रीट लाइट, शौचालय, आवास और पेंशन जैसी समस्याओं के समाधान के लिए दिए गए आश्वासन कितनी जल्दी धरातल पर उतरते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *