जमानियां। नगर स्थित रामलीला मैदान में निजी स्कूलों के वाहनों की बेतरतीब और अवैध पार्किंग से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ तहसील व अन्य सरकारी कार्यालयों में आने-जाने वाले फरियादियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में बसों और अन्य स्कूली वाहनों के खड़े होने से आवागमन बाधित हो जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए निर्धारित रामलीला मैदान का इस्तेमाल निजी स्कूल वाहनों के पार्किंग स्थल के रूप में किया जा रहा है। सुबह स्कूल खुलने से पहले और दोपहर में छुट्टी के समय वाहनों की भीड़ बढ़ जाती है। इससे मैदान के आसपास रास्ते संकरे हो जाते हैं और पैदल आने-जाने वाले लोगों के साथ दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।जमानियां तहसील मुख्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में फरियादी अपने विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ चारपहिया वाहनों से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की पहले से ही समस्या बनी हुई है। ऐसे में रामलीला मैदान में स्कूली वाहनों के कब्जे से स्थिति और गंभीर हो गई है। लोगों का आरोप है कि वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण सार्वजनिक परिसर का उपयोग करने में आम नागरिकों को परेशानी हो रही है।इस मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। शिकायतों के बाद नगर पालिका परिषद ने भी मामले का संज्ञान लिया है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार ने निजी वाहनों द्वारा इस तरह रामलीला मैदान में पार्किंग किए जाने को गलत बताया। उन्होंने कहा कि जल्द ही अभियान चलाकर रामलीला मैदान को अनावश्यक रूप से खड़े निजी वाहनों से खाली कराया जाएगा और व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाएगा।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और नगर पालिका परिषद से मांग की है कि रामलीला मैदान को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराया जाए, ताकि सार्वजनिक परिसर का उपयोग आम लोगों की सुविधा के अनुसार हो सके और तहसील आने वाले फरियादियों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।