बाराबंकी। प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में 35 रूपए प्रति क्विंटल की वृद्धि किए जाने पर जनपद के कोटेदारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है। जिला पूर्ति कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उचित दर विक्रेता संघ के जिलाध्यक्ष विजयपाल गौतम के नेतृत्व में जिला पूर्ति अधिाकारी डॉ राकेश तिवारी के माध्यम से धन्यवाद ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में कहा गया कि सरकार ने कोटेदारों का लाभांश 90 रूपए से बढ़ाकर 125 रूपए प्रति क्विंटल कर दिया है, जिससे प्रदेश के हजारों उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक राहत मिलेगी। जिलाध्यक्ष विजय पाल गौतम ने इस निर्णय को जन वितरण प्रणाली को मजबूत करने वाला कदम बताते हुए कहा कि सरकार ने कोटेदारों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार कर उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाई है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/श्री गौतम ने कहा कि उचित दर विक्रेता गांव-गांव और मोहल्लों तक खाद्यान्न पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। लाभांश में वृद्धि से उनके मनोबल में बढ़ोतरी होगी तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार लगातार विभिन्न वर्गों के हित में निर्णय ले रही है। वहीं खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय का विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने कोटेदारों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने और लाभांश वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास किए। संघ ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कोटेदारों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार सकारात्मक निर्णय लेती रहेगी। इस दौरान कमलेशा, सुधा देवी, शिव नारायन, जितेन्द्र कुमार कुसुम यादव सहित जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।