कुश्ती हमारी गौरवशाली परंपरा, खिलाड़ी देश का बढ़ा रहे मान: सतीश

बाराबंकी। ग्रामीण अंचल में खेल संस्कृति को जीवंत बनाए रखने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से विकास खंड बनीकोडर के राघवपुर मेला मैदान में रविवार को विराट दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अयोध्या सहित आसपास के कई जिलों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अपने दमखम और दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे दिन मैदान में रोमांचक मुकाबलों का दौर चलता रहा और हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने फीता काटकर तथा अखाड़े में उतरकर पहलवानों से परिचय प्राप्त करते हुए किया। उन्होंने पहलवानों का हाथ मिलाकर उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल को बधाई दी। इस अवसर पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कुश्ती केवल एक खेल नहीं बल्कि अनुशासन, परिश्रम, साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक रही है। अखाड़ों की परंपरा ने देश को ऐसे अनेक खिलाड़ी दिए हैं जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/ ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आज भारतीय खिलाड़ी विश्व मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और कुश्ती के क्षेत्र में भी देश के पहलवान अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। दंगल में विभिन्न जिलों से आए पहलवानों के बीच कई रोमांचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने अपने कौशल, ताकत और तकनीक का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कई मुकाबले लंबे समय तक चले, जिससे मैदान में रोमांच का माहौल बना रहा। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए हर दांव पर जमकर तालियां बजाईं। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को आयोजक मंडल की ओर से पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवा खेलों के प्रति प्रेरित होते हैं। इस अवसर पर भाजपा नेता जवाहर लाल वर्मा, अभिषेक वर्मा, संतोष वर्मा, अरुण कुमार चौहान, कल्लू बाबा, ओम प्रकाश, दिलीप मौर्य, पंकज पाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *