शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध और तकनीकी नवाचार रहेंगी सर्वोच्च प्राथमिकताएं : प्रो. राय

सीकर/बरेली (डॉ. महेश गुप्ता )।महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के नवनियुक्त कुलपति प्रो.(डॉ.) अनिल कुमार राय ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, वित्त नियंत्रक, वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रो. राय का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने 17 अगस्त 2026 को प्रो. अनिल राय को तीन वर्ष के लिए रूहेलखंड विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया था। सोमवार को पदभार ग्रहण करने के बाद प्रो. राय ने कहा कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक माहौल और बेहतर बनाना है और यह सामूहिक सहयोग के बिना संभव नहीं है। विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और ठीक करने, शोध एवं तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रो. राय ने विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए रूहेलखंड विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।प्रो. अनिल राय इससे पूर्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर के कुलगुरु थे।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/ शेखावाटी में प्रोफेसर राय का कुलपति काल उपलब्धियों से भरा रहा। उनके कुलपति काल में 27 सितंबर 2023 से 23 अगस्त 2026 तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावटी विश्वविद्यालय ने शोध, नवाचार, डिजिटल तकनीक और विद्यार्थी सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध केंद्र की स्थापना, हाईटेक विज्ञान और मीडिया लैब, रेडियो शेखावाटी 91.2 एफएम, ऑटोमेटेड प्रश्नपत्र प्रणाली, ऑनलाइन प्रोविजनल डिग्री एवं माइग्रेशन सुविधा तथा वाई-फाई युक्त ग्रीन कैंपस जैसी पहल उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं। प्रो. राय ने शेखावाटी विवि में छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र, अतिथि गृह, कैंटीन और ज्ञान उद्यान जैसी सुविधाओं विकसित की। नई शिक्षा नीति के अनुरूप रोजगारपरक एवं आधुनिक पाठ्यक्रमों की शुरुआत कर शोध गतिविधियों को विस्तार दिया।महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा में जनसंचार के वरिष्ठ प्रोफेसर रहे प्रो. अनिल राय उच्च शिक्षा, शोध, मीडिया और विश्वविद्यालय प्रशासन का व्यापक अनुभव रखते हैं। वे महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के कार्यकारी कुलपति एवं प्रतिकुलपति सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों में महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। वे वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में जनसंचार विभाग के संस्थापक अध्यक्ष तथा कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अध्ययन विभाग के अध्यक्ष भी रहे हैं।प्रो. राय को शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वाइस चांसलर ऑफ द ईयर अवार्ड, भारत ज्योति पुरस्कार, संचार श्री पुरस्कार, उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान और विदर्भ भूषण पुरस्कार सहित अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। वे 21 पुस्तकों के लेखक, संपादक एवं संचयक हैं तथा दो विषयों में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *