बलिया में बाढ़ का कहर: कई गांवों की आबादी में घुसा पानी, राहत कार्य तेज

बलिया।जनपद में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। तहसील बलिया के ग्राम मुड़ाडीह और शहर के वार्ड नंबर-11 में बाढ़ का पानी आबादी क्षेत्र में फैल गया है। वहीं तहसील बांसडीह के भोजपुरवा, दियरा भागर, कचनार और चकविलियम तथा तहसील बैरिया के गोपालनगर टाड़ी, देवपुर मठिया और चांददियर गांवों की आबादी भी बाढ़ के पानी से प्रभावित है। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 850 राशन किट वितरित की जा चुकी हैं। इसके अलावा 3,856 दवाओं की किट भी बांटी गई हैं। इन किटों में दवाओं के नाम, किस बीमारी में कौन-सी दवा और कितने समय तक लेनी है, इसका विवरण भी उपलब्ध कराया गया है। पशुओं को भी बाढ़ से बचाने के लिए प्रशासन सक्रिय है। अब तक 14,756 पशुओं का टीकाकरण कराया जा चुका है, जबकि पशुओं के लिए 80 कुंतल भूसा वितरित किया गया है। गोपालनगर टाड़ी और भोजपुरवा में बाढ़ प्रभावित परिवारों के ठहरने के लिए बाढ़ शरणालय और कम्युनिटी किचन स्थापित किए गए हैं।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/ यहां से प्रभावित लोगों को पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखा गया है और राहत शिविर भी संचालित किए जा रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में जनरेटर के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की गई है।प्रशासन के अनुसार बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं। चिकित्सकों की टीमें भी रोजाना बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं।बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों से जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम के नंबर 9454417979, लैंडलाइन 05498- 220832 और 05498-220235 पर प्रतिदिन कम से कम दो बार संपर्क कर उनका हालचाल लिया जा रहा है। साथ ही बाढ़ की स्थिति से जुड़ी सूचनाएं भी प्राप्त की जा रही हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और गांवों में एनडीआरएफ तथा पीएसी की टीमें लगातार सक्रिय हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपदा या समस्या की स्थिति में तत्काल नजदीकी तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम अथवा जिला मुख्यालय के कंट्रोल रूम से संपर्क करें। इसके लिए 9454417979, 05498-220832, 05498-220235 तथा टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दी जा सकती है। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *