गाजीपुर। विकास भवन के सभागार में बुधवार को परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले के सभी विकास खंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग किया। किसान दिवस में किसानों ने सिंचाई, विद्युत, पशु टीकाकरण समेत कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।बैठक के दौरान सहायक अभियंता लघु सिंचाई के अनुपस्थित रहने पर परियोजना निदेशक ने उनका वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को बताया कि कैच क्रॉप के रूप में बोई जाने वाली तोरिया फसल के निःशुल्क बीज वितरण के लिए बुकिंग प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने किसानों से अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र अथवा स्वयं के मोबाइल से तोरिया बीज की बुकिंग कराने की अपील की।उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत जिन किसानों ने कृषि यंत्रों की बुकिंग कराई है, उनके लिए ई-लॉटरी 20 अथवा 21 अगस्त को प्रस्तावित है। इसकी सूचना किसानों को समाचार पत्रों और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से दी जाएगी।जिला कृषि अधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 16 से 21 अगस्त तक ग्रामवार अभियान चलाया जा रहा है।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं बन सकी है और उनका अंश निर्धारण हो चुका है, वे संबंधित लेखपाल, जन सेवा केंद्र अथवा कृषि विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर जल्द फार्मर रजिस्ट्री बनवा लें।किसानों ने पशुओं में एफएमडी (मुंहपका-खुरपका) टीकाकरण की समस्या भी उठाई। भावरकोल के सियाड़ी गांव के किसान शिवकुमार राय ने बताया कि गांव में अभी तक पशुओं का टीकाकरण नहीं हुआ है। इसी तरह ताड़ीघाट के किसान पवन यादव और मिर्जाबाद के जितेंद्र राय ने भी अपने गांवों में एफएमडी टीकाकरण कराने का अनुरोध किया।ढढ़नी गांव के किसान चंद्रबली राय ने जमानियां पंप कैनाल से ताड़ीघाट रजवाहा, ढढ़नी होते हुए निकलने वाली चौरी माइनर में टेल तक पानी नहीं पहुंचने की शिकायत की। उन्होंने किसानों के खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग की।कृषक कृष्णानंद राय ने उतरौली गांव में बने चेकडैम का स्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त होने की शिकायत करते हुए बताया कि करीब 150 हेक्टेयर खेत में पानी लगा हुआ है। उन्होंने चेकडैम को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।किसान ईश्वर शरण उपाध्याय ने महरौली विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने की मांग की, ताकि किसानों को सिंचाई के दौरान बिजली की समस्या का सामना न करना पड़े। वहीं पकड़ी गांव के किसान अनूप राय ने जर्जर विद्युत तारों की शिकायत करते हुए बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद तार नहीं बदले गए हैं। उन्होंने किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए जर्जर तारों को बदलने तथा ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की।किसान दिवस में अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य किसानों की समस्याओं का विभागीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के साथ ही कृषि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाना रहा।