बड़कला फ्लाईओवर पर एसडीएम और सीओ ने संभाला मोर्चा, कांवड़ियों के लिए लागू किया विशेष डायवर्जन प्लान

छुटमलपुर। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ने के साथ ही पुलिस और प्रशासन ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा के फतेहपुर थाना क्षेत्र में बड़कला चेकपोस्ट से लेकर बड़कला फ्लाईओवर तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। उपजिलाधिकारी बेहट विकास पांडेय और सीओ जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बड़कला फ्लाईओवर पर विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। फ्लाईओवर की अलग-अलग लेन को वाहनों के गंतव्य के अनुसार निर्धारित किया गया है, जिससे कांवड़ यात्रियों और सामान्य वाहनों की आवाजाही को अलग-अलग रखा जा सके। इसका उद्देश्य यातायात दबाव कम करने के साथ ही जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को न्यूनतम करना है। फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर पैदल कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अस्थायी डिवाइडर लगाकर अलग मार्ग बनाया गया है। इससे पैदल चल रहे शिवभक्तों को तेज रफ्तार वाहनों से अलग सुरक्षित रास्ता मिल रहा है। वहीं दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के माध्यम से हरिद्वार की ओर आने-जाने वाले वाहनों और छुटमलपुर से कलसिया, बेहट के साथ पंजाब, हरियाणा तथा हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाले कांवड़ियों एवं अन्य वाहनों के लिए भी रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।read more:https://pahaltoday.com/jan-adhikar-party-demands-caste-census-and-other-measures/भीड़ का दबाव बढ़ने पर एसडीएम विकास पांडेय और सीओ जितेंद्र कुमार सिंह स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों का सहयोग कर रहे हैं। दोनों अधिकारी मौके पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ यातायात की स्थिति के अनुसार व्यवस्थाओं में बदलाव भी करा रहे हैं। फतेहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा, निरीक्षक रमेश चंद्र राणा, चैकी प्रभारी सुबोध शर्मा, उपनिरीक्षक भूपेंद्र शर्मा, करण नागर और जितेंद्र बहादुर सिंह सहित भारी पुलिस बल कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में लगातार तैनात है। अधिकारियों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बनाए रखने के साथ कांवड़ियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित की जा रही है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सैयद माजरा टोल प्लाजा और फतेहपुर तिराहे पर भी पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। यहां पुलिसकर्मियों की तैनाती कर यातायात की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि कांवड़ियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और अन्य वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी न हो। एसडीएम बेहट विकास पांडेय ने बताया कि फतेहपुर-कलसिया मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर कांवड़ यात्रियों और अन्य वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात को नियंत्रित करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था प्रशासन की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *