ग्राम सचिवालय के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट लाइन बनी खतरा, ग्रामीणों ने हटाने की उठाई मांग

गाजीपुर। जखनियां क्षेत्र के ग्राम सभा मोलनापुर (तालगांव) में ग्राम सचिवालय के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन इन दिनों ग्रामीणों और कर्मचारियों के लिए गंभीर खतरे का कारण बनी हुई है। वर्षों से सचिवालय भवन के ऊपर से गुजर रही यह हाईटेंशन लाइन अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तार कई स्थानों पर ढीले और पुराने हो चुके हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों के अनुसार ग्राम सचिवालय में प्रतिदिन ग्राम पंचायत से जुड़े कार्यों के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि आते-जाते हैं। ऐसे में भवन के ठीक ऊपर से गुजर रही जर्जर विद्युत लाइन लगातार भय का वातावरण पैदा कर रही है। बरसात और तेज हवा के दौरान तारों के टूटने या शॉर्ट सर्किट की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है।ग्रामवासियों का कहना है कि इस समस्या से संबंधित जानकारी कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।read more:https://pahaltoday.com/jan-adhikar-party-demands-caste-census-and-other-measures/ ग्रामीणों ने मांग की है कि जनहित को देखते हुए 11 हजार वोल्ट की इस लाइन को तत्काल सचिवालय भवन के ऊपर से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रही है, लेकिन सचिवालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी भवन के ऊपर से हाईटेंशन लाइन का गुजरना सुरक्षा मानकों पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। कर्मचारियों को भी हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस जर्जर विद्युत लाइन को नहीं हटाया गया और कोई दुर्घटना घटती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान सुनिश्चित करने की अपील की है, जिससे ग्राम सचिवालय आने वाले कर्मचारियों और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *