बहराइच ( मिहींपुरवा )। सुजौली क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए का आतंक देखने को मिला। बीती रात धरमपुर रेतिया (धनियाबेली ) गांव में घर के अंदर सो रही एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्राम धरमपुर रेतिया निवासी लाली देवी पत्नी जय प्रकाश (36) वर्ष रात करीब 12 बजे अपने घर में सो रही थी। इसी एक तेंदुआ घर में घुस गया और सो रही महिला पर अचानक हमला बोल दिया। तेंदुए ने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर नोंचकर कई जगह गहरे जख्म कर दिए। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी दौड़े। शोर-शराबा होने पर तेंदुआ महिला को छोड़कर पास के जंगल की तरफ भाग गया। आनन-फानन में घायल लाली देवी को परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली ले गए।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/ जहाँ डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया और 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह वन विभाग सुजौली रेंज के दरोगा अनिल कुमार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और तत्काल राहत के तौर पर 3000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिव कुमार निषाद भी पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। घटना के बाद धरमपुर रेतिया और आसपास के गांवों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने ग्रामीणों से रात में घर के दरवाजे बंद रखने, बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और सतर्क रहने को कहा है।