बड़हलगंज। चिल्लूपार विधायक एवं विधानमंडल दल के सचेतक राजेश त्रिपाठी ने वृहस्पतिवार शाम लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात कर चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास परियोजनाओं से संबंधित मांगपत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया।विधायक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र की लगभग 100 जर्जर सड़कों की सूची मुख्यमंत्री को सौंपी। उन्होंने अनुरोध किया कि बरसात के दौरान इन सड़कों को आवागमन योग्य बनाया जाए तथा वर्षा समाप्त होने के बाद इनकी विशेष मरम्मत एवं नई लेयर बिछाकर स्थायी समाधान कराया जाए।उन्होंने गोला तहसील मुख्यालय पर वर्षों से लंबित दिवानी न्यायालय की स्थापना की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उनका कहना था कि इससे अधिवक्ताओं एवं क्षेत्र की आम जनता को न्यायिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही गोरखपुर जनपद का सर्किल रेट लंबे समय से नहीं बढ़ने का मुद्दा भी उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे किसानों और शासन दोनों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने सर्किल रेट में वृद्धि कर किसानों को उनकी भूमि का उचित मूल्य दिलाने की मांग की।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteराजेश त्रिपाठी ने बताया कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी संगठन की ओर से सेवा नियमावली बनाए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग एक लाख तथा गोरखपुर जनपद के 3200 ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के दो दशक बाद भी सेवा नियमावली न बनने से पदोन्नति जैसी सुविधाएं प्रभावित हैं।बैठक में ग्रेटर गीडा क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए धुरियापार क्षेत्र में कार्गो एयरपोर्ट की स्थापना, चिल्लूपार में नर्सिंग कॉलेज, बी.फार्मा कॉलेज, पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने, तीहा मुहम्मदपुर अंडरपास में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान तथा कोटेदारों की समस्याओं के निराकरण पर भी चर्चा हुई।विधायक ने मुख्यमंत्री से धुरियापार इंडस्ट्रियल एरिया (ग्रेटर गीडा) में अडानी और केयान ग्रुप की प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं के शीघ्र शिलान्यास के लिए समय देने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने पितरों की तृप्ति हेतु आयोजित होने वाले रुद्र महायज्ञ एवं सरयू अमृत महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण भी मुख्यमंत्री को दिया।