सहारनपुर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दुर्घटनारहित बनाने के लिए सहारनपुर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में डटी हुई है। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने थाना जनकपुरी क्षेत्र स्थित राकेश केमिकल चैकी पर पहुंचकर स्वयं वाहनों की सघन जांच कराई। इस दौरान उनके साथ थाना प्रभारी जनकपुरी नेमचंद्र एवं पुलिस बल मौजूद रहा। चेकिंग अभियान के दौरान कांवड़ियों द्वारा ले जाए जा रहे डीजे वाहनों की ऊंचाई की विशेष रूप से जांच की गई। जिन वाहनों की ऊंचाई निर्धारित 12 फीट से अधिक पाई गई, उन्हें तत्काल रोककर डीजे की ऊंचाई कम कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करने के बाद ही ऐसे वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी।इसके अलावा पुलिस ने उन कांवड़ियों को भी समझाइश दी, जो डीजे वाहनों के आगे या ऊंचाई पर बैठे हुए थे। उन्हें सुरक्षित स्थान पर बैठाया गया और यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने बताया कि इस तरह यात्रा करना दुर्घटना का कारण बन सकता है।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/ एसएसपी अभिनंदन सिंह ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाले डीजे वाहनों को किसी भी स्थिति में आगे नहीं जाने दिया जाएगा। श्रद्धालुओं से भी अपील है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, वाहन पर खतरनाक तरीके से न बैठें तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और दुर्घटनारहित ढंग से संपन्न हो सके। चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िए मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सहारनपुर पुलिस का यह अभियान कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार जारी रहेगा।