जाति बनी दीवार, प्रेम प्रसंग से दो मौतें पांच घंटे में उजड़ गए दो परिवार, जांच में जुटी पुलिस

जिले में मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के हरक्का ग्राम पंचायत के संतनगर गांव में सोमवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ी दो दर्दनाक मौतों ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। पहले 22 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर खेत में पेड़ से लटका मिला और करीब पांच घंटे बाद उसकी नाबालिग प्रेमिका ने भी घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम संतनगर निवासी छोटू रविवार शाम एक नाबालिग युवती के साथ मुंबई जाने के लिए खानपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था। टिकट लेने के दौरान दोनों पर रेलवे कर्मियों और पुलिस की नजर पड़ गई। सूचना पर दोनों परिवार स्टेशन पहुंचे और दोनों को समझाकर अपने-अपने घर वापस ले आए। सोमवार सुबह छोटू का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में पेड़ से लटका मिला। करीब पांच घंटे बाद सुबह करीब 11रू30 बजे उसकी नाबालिग प्रेमिका ने भी घर में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग था। छोटू गौतम बिरादरी से था और मुंबई में पीओपी का काम करता था। वह करीब 10 दिन पहले ही घर आया था। चार भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटे छोटू की शादी आने वाले नवरात्रि में तय थी।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/ वहीं युवती वर्मा बिरादरी से थी और तीन बहनों व एक भाई में तीसरे नंबर पर थी। गांव में दोनों के अलग-अलग बिरादरी से होने की चर्चा भी है, हालांकि पुलिस ने इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा लड़की को लेकर नहीं भागा था। उनके मुताबिक लड़की पहले घर से निकली थी, बाद में दोनों की मुलाकात हुई। उन्होंने बताया कि छोटू के पास सिर्फ करीब एक हजार रुपये थे और उन्होंने उसे बाहर जाने से भी रोका था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का तथ्य सामने आया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *