सोनभद्र। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और आमजन को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत गांवों और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, फॉगिंग, जनजागरूकता और संभावित मरीजों की पहचान का कार्य लगातार किया जा रहा है।read more:https://worldtrustednews.in/new-indias-new-up-will-not-have-any-memorial-or-fair-dedicated-to-a-foreign-invader-chief-minister/
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 1 जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई से दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के अनुसार विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसमें सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा ग्राम प्रधान मिलकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं। अभियान के अंतर्गत नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, खराब हैंडपंपों का चिन्हीकरण एवं मरम्मत, फॉगिंग, जलभराव वाले क्षेत्रों की सफाई तथा विद्यालयों में जागरूकता रैलियां और ग्राम सभाओं में बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं दस्तक अभियान के तहत बुखार से पीड़ित मरीजों की पहचान कर उनकी जांच, डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, टीबी, आईएलआई (खांसी-जुकाम) और डायरिया के संभावित मरीजों का सर्वे किया जा रहा है। साथ ही कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार और परामर्श भी उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, संचारी एवं दस्तक अभियान में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार के संक्रामक रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क कर चिकित्सकीय सलाह लें।