म्योरपुर,सोनभद्र। म्योरपुर विकास खंड के खैराही-किरवानी संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत कुमार दुबे ने गुरुवार को ओबरा विधायक एवं समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड को पत्र सौंपकर सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की।read more:https://worldtrustednews.in/suheldevs-legacy-was-not-their-choice-they-preferred-the-ghazi-miyan-fair-and-that-is-why-the-opposition-met-its-downfall-cm-yogi/
पत्र में बताया गया कि करीब 15 वर्ष पूर्व कुसुमलता के घर से पूर्व प्रधान किरवानी वाया शुभलाल के घर तक ईंटों से निर्मित संपर्क मार्ग अब पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में जलभराव के कारण स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रशांत कुमार दुबे ने बताया कि इसी मार्ग पर जूनियर हाईस्कूल और पंचायत भवन भी स्थित हैं। ऐसे में स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को प्रतिदिन आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जनहित को देखते हुए सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की। इस पर राज्यमंत्री संजीव गोंड ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि खैराही-किरवानी संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी और जल्द ही सड़क निर्माण का प्रयास किया जाएगा।