आजमगढ़। के थाना सिधारी क्षेत्र स्थित वन स्टाप सेंटर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब वहां रह रही एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। न्याय और सुरक्षा की उम्मीद लेकर वन स्टाप सेंटर पहुंची किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार स्वयं मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया।जानकारी के अनुसार 6 जुलाई को वन स्टाप सेंटर में रह रही एक बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा वन स्टाप सेंटर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।एसएसपी ने मृतका के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घटना से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच की जाए और किसी भी तथ्य को नजरअंदाज न किया जाए।पुलिस ने जांच के दौरान वन स्टाप सेंटर में तैनात कर्मचारियों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। साथ ही परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटनास्थल से अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।read more:https://pahaltoday.com/13479-rupees-refunded-to-the-account-of-the-victim-of-cyber-fraud/
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और किसी संभावित लापरवाही या जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।