गाजीपुर/जौनपुर,। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की कुलपति एवं वैज्ञानिक प्रो. वंदना सिंह के आदेश से मनोविज्ञान विषय की अध्ययन परिषद (Board of Studies) का नवीन गठन किया गया है। इस गठन में पी.जी. कॉलेज, गाजीपुर के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष एवं विभाग प्रभारी डॉ. मनोज कुमार सिंह को अध्ययन परिषद का संयोजक नियुक्त किया गया है।
नवगठित अध्ययन परिषद में बाह्य सदस्य के रूप में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के प्रोफेसर एवं कार्मिक प्रबंधन एवं औद्योगिक संबंध (PMIR) के चेयरपर्सन प्रो. संदीप कुमार तथा दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. धनंजय कुमार को नामित किया गया है।read more:https://pahaltoday.com/the-film-bolo-radhe-radhe-has-the-power-to-shake-our-soul-along-with-entertainment-ravi-bhatia/वहीं, आंतरिक सदस्यों के रूप में मनोविज्ञान विषय के सहायक आचार्य डॉ. रविशंकर वर्मा, डॉ. अनीता सिंह, डॉ. दया सिंधु एवं डॉ. आनंद कुमार श्रीवास्तव को परिषद में शामिल किया गया है।
नवनियुक्त संयोजक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अध्ययन परिषद विश्वविद्यालय के अधिनियम, अध्यादेश एवं परिनियमों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी। साथ ही मनोविज्ञान के पाठ्यक्रम को समयानुकूल, व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवा इस विषय से जुड़ सकें।उन्होंने कहा कि मनोविज्ञान में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा, उद्योग तथा विभिन्न सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार और सेवा के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। मानव के संज्ञान, संवेग और व्यवहार की वैज्ञानिक समझ न केवल व्यक्तित्व और जीवन कौशल का विकास करती है, बल्कि व्यक्ति को स्वस्थ, सफल एवं समाज और राष्ट्र के प्रति अधिक जिम्मेदार नागरिक बनने में भी सहायक होती है।डॉ. मनोज कुमार सिंह की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर शिक्षाविदों एवं महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गाजीपुर जनपद के लिए गौरव का विषय बताया।