गाजीपुर। वन महोत्सव-2026 के तहत शुक्रवार को सदर विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय अख्तियारपुर में पौधरोपण, ग्रीन चौपाल और आम भंडारा कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।read more:https://pahaltoday.com/on-the-147th-foundation-day-of-the-bjp-workers-lit-lamps-and-paid-tribute-to-great-men/कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सदर राजदेव सिंह यादव ने मौलश्री का पौधा रोपकर किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में आम, आंवला, अमरूद, जामुन, नीम समेत विभिन्न प्रजातियों के कुल 20 पौधे लगाए गए। सभी प्रतिभागियों ने इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी आधारशिला हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना हरित और स्वच्छ वातावरण का सपना साकार नहीं हो सकता।कार्यक्रम के दौरान आयोजित ग्रीन चौपाल में वन विभाग के अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और पौधों की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर पौधरोपण और उनके संरक्षण की आवश्यकता है। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रेरक संदेश और प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों को जागरूक किया।कार्यक्रम के समापन पर आम भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों और अतिथियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान मुन्ना सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी सदर आदित्य यादव, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी सदर उपेंद्र कुमार वर्मा, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय परिवार तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अधिक से अधिक पौधरोपण और उनके संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।