आजमगढ़।बरसात शुरू होते ही नगर पंचायत निजामाबाद के हुसैनाबाद वार्ड संख्या 9 स्थित विवेकानंद नगर में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाली और नाले पर किए गए अवैध अतिक्रमण के कारण गली में कई दिनों से पानी जमा है, जिससे लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुछ लोगों ने नाली और नाले के मुहाने को बंद कर उस पर चबूतरा, सीढ़ियां और करकट रखकर अवैध कब्जा कर लिया है। आरोप है कि सड़क को भी ऊंचा कर दिया गया, जिससे बरसात का पानी निकलने का प्राकृतिक मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। परिणामस्वरूप पूरी गली जलमग्न हो गई है और लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जलभराव के कारण गंदगी फैलने के साथ ही सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों के निकलने का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर समय किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए गली से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।read more:https://pahaltoday.com/american-president-under-siege/क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। उनका यह भी आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष के संरक्षण में अवैध अतिक्रमण होने के कारण संबंधित लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, नाली और नाले से अवैध कब्जा तत्काल हटाया जाए तथा जलनिकासी व्यवस्था को बहाल कराया जाए, ताकि बरसात के दौरान लोगों को राहत मिल सके।क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो जलभराव से संक्रामक बीमारियों के फैलने और किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।:::