सहारनपुर। पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने बताया कि थाना गागलहेड़ी पुलिस ने पशुओं को जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन, 500 ग्राम गुड़, 500 ग्राम आटा, सल्फॉस के दो पैकेट (जहर) तथा दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि 29 जून को ग्राम कुतुबपुर कुसानी निवासी परवेज आलम ने अपनी भैंस को जहर देकर मारने की शिकायत थाना गागलहेड़ी में दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर नवादा रोड से नदीम निवासी कमेला कॉलोनी इब्राहिमाबाद तथा गय्यूर निवासी मानकमऊ, थाना कुतुबशेर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चैंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उनके पास मृत पशु उठाने का ठेका है। अधिक मुनाफा कमाने के लिए वे गांवों में एकांत स्थानों पर बंधे पशुओं को आटे और गुड़ में सल्फॉस मिलाकर खिलाते थे।read more:https://pahaltoday.com/census-of-india-will-be-digital-in-2027-in-bhadohi/ पशु के मरने के बाद सूचना मिलने पर छोटा हाथी वाहन से उसे उठाकर ले जाते और उसकी खाल व मांस बेचकर मोटी कमाई करते थे। शक से बचने के लिए वाहन को घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ा करते थे तथा सुरक्षा के लिए चाकू भी साथ रखते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, जहरीला पदार्थ और अन्य सामान बरामद कर लिया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। गिरफ्तार आरोपी नदीम पहले से ही थाना मंडी का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध पशु क्रूरता, अवैध हथियार तथा अन्य गंभीर मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है। उन्होंने कहा कि जनपद में पशु क्रूरता और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।