1 जुलाई से शुरू होगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम

गाजीपुर।  जिले में 1 जुलाई से शुरू होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट के निर्वाचन कक्ष में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों और अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान की शत-प्रतिशत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।read more:https://pahaltoday.com/census-of-india-will-be-digital-in-2027-in-bhadohi/
उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, विशेषकर उच्च जोखिम वाले इलाकों में साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा गंदगी मुक्त वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर देने को कहा। डीएम ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. शाही, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गाजीपुर, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, कृषि, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों सहित जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *