बाग में एक युवक का खून से सना शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

श्रीदत्तगंज(बलरामपुर)। थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब इटई मैदा स्थित बजाज चीनी मिल के पास यूकेलिप्टस के बाग में एक युवक का खून से सना शव बरामद हुआ। परिजनों ने गांव के ही छह युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते पार्टी के बहाने बुलाकर चाकुओं से गोदकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गायडीह के मजराread more:https://pahaltoday.com/13479-rupees-refunded-to-the-account-of-the-victim-of-cyber-fraud/अहिरनडीह निवासी अब्दुल कय्यूम पुत्र निब्बर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके छोटे भाई मोहम्मद हुसैन उर्फ राजू (25) की गांव के कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि रंजिश के चलते आरोपित पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुके थे। परिजनों का कहना है कि हाल ही में मुंबई से लौटे एक आरोपित ने यहां तक कहा था कि “मोहर्रम से पहले ही उसे मारकर मोहर्रम मनाऊंगा।”बताया गया कि रविवार शाम आरोपित युवक राजू को शराब पिलाने और पार्टी करने के बहाने घर से अपने साथ ले गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर बजाज चीनी मिल के पास यूकेलिप्टस के बाग में राजू पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इधर रात करीब 7:40 बजे अब्दुल कय्यूम के पुत्र अहमद रजा ने फोन पर सूचना दी कि राजू का शव बाग में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो राजू खून से लथपथ मृत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए मृतक की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उसकी कोई संतान नहीं थी। वह रोजी-रोटी के लिए प्रदेश से बाहर मजदूरी करता था और लगभग दो माह पूर्व ही गांव लौटा था। परिवार में सबसे छोटा होने के कारण उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अविरल शुक्ला ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।परिजनों ने अमीर, समीर, अरमान, सलमान, हमदान, इरफान तथा एक अन्य सहयोगी पर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुरानी दुश्मनी के कारण योजनाबद्ध तरीके से राजू को घर से बुलाकर मौत के घाट उतारा गया। युवक की हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *