शक्तिनगर, सोनभद्र। मानसून की पहली बारिश ने अनपरा-शक्तिनगर मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को उजागर कर दिया। खड़िया ओवरब्रिज के पास सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। सड़क और गड्ढों में अंतर कर पाना मुश्किल हो गया है, जिससे वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। सबसे गंभीर स्थिति खड़िया बाजार स्थित मुख्य चैराहे और ओवरब्रिज के आसपास देखने को मिल रही है। यहां सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और बारिश के कारण जलभराव की समस्या ने हालात और खराब कर दिए हैं। भारी कोयला वाहनों, बसों तथा अन्य बड़े वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक खतरे का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, अनपरा से शक्तिनगर तक कई स्थानों पर सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।read more:https://pahaltoday.com/the-consumer-commission-settled-the-matter-by-giving-a-cheque-of-rs-55040/ बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों का अनुमान नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बचे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की दुर्दशा को लेकर कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों को अवगत कराया गया। विभिन्न समाचार माध्यमों में भी समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया, लेकिन अब तक स्थायी मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। विभागीय उदासीनता को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गौरतलब है कि अनपरा-शक्तिनगर मार्ग क्षेत्र की महत्वपूर्ण जीवनरेखा है। इसी सड़क से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। एनसीएल परियोजनाओं के भारी वाहन, स्कूली बसें, एंबुलेंस, कर्मचारी और आम नागरिक इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण सभी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से तत्काल सड़क की मरम्मत एवं जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।