म्योरपुर,सोनभद्र। स्थानीय वन रेंज क्षेत्र के म्योरपुर कस्बे में शनिवार सुबह एक हिरन जंगल से भटककर आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से घबराया हिरन जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगा।read more:https://pahaltoday.com/man-dies-in-road-accident-in-barhalganj/प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब छह बजे हवाईपट्टी से सटे जंगल से निकला हिरन कस्बे के रिहायशी क्षेत्र में पहुंच गया था। हिरन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए कुत्तों को खदेड़ दिया। ग्रामीणों के प्रयास से हिरन की जान बच गई। इसके बाद वह जंगल की ओर भाग गया और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण पानी और भोजन की तलाश में वन्यजीव अक्सर जंगलों से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं, जिससे उनके सामने कई तरह के खतरे उत्पन्न हो जाते हैं। वन क्षेत्राधिकारी जबर सिंह ने बताया कि हिरन के कस्बे में पहुंचने और कुत्तों द्वारा उसे घायल किए जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर भेजी गई थी। टीम ने स्थिति का जायजा लिया और हिरन को सुरक्षित जंगल की ओर भेज दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वन्यजीव दिखाई देने पर उन्हें परेशान न करें तथा तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि उन्हें सुरक्षित उनके प्राकृतिक आवास तक पहुंचाया जा सके।