खड़िया रेलवे ओवरब्रिज के पास ओवरलोड ट्रक से रेलवे क्रॉसिंग ढांचा क्षतिग्रस्त

शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य मार्ग स्थित खड़िया रेलवे ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब भारी मशीनरी और लोहे के स्ट्रक्चर से लदा एक ओवरलोड ट्रक रेलवे ओवर क्रॉसिंग ब्रिज के ऊपरी हिस्से से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि रेलवे फाटक का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित नहीं हुआ।read more:https://pahaltoday.com/a-boat-capsized-in-the-ganges-river-due-to-a-strong-storm-killing-two-and-leaving-five-missing/प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक अडानी क्षेत्र से मधुबनी की ओर जा रहा था। ट्रक पर भारी लोहे के स्ट्रक्चर एवं मशीनरी उपकरण लदे थे, जिनकी ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक बताई जा रही है। जैसे ही ट्रक खड़िया रेलवे ओवरब्रिज के समीप पहुंचा, ऊपर लगे रेलवे सुरक्षा ढांचे और फाटक से उसका सामान टकरा गया। तेज आवाज के साथ फाटक का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि सड़क पूरी तरह बंद नहीं हुई और दूसरे हिस्से से वाहनों का आवागमन जारी रहा। छोटे और बड़े वाहन सावधानीपूर्वक निकलते रहे। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय तक चर्चा का माहौल बना रहा।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मुख्य मार्ग पर लगातार ओवरलोड ट्रकों का संचालन हो रहा है, लेकिन जांच और निगरानी के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक पर लदा सामान काफी ऊंचा था और चालक को मार्ग की ऊंचाई का सही अनुमान नहीं था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए तथा रेलवे ओवरब्रिज और फाटक के आसपास ऊंचाई सीमा संबंधी स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *