सोनभद्र। खड़िया क्षेत्र में गुरुवार को घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब नशे की हालत में पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।read more:https://pahaltoday.com/life-is-in-danger-as-soon-as-the-temperature-crosses-50-degrees-experts/मृतका की पहचान आशा देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति महेंद्र गुप्ता पुत्र दशरथ गुप्ता बताया गया है। महेंद्र मूल रूप से ओबरा क्षेत्र का निवासी है और खड़िया में किराये के मकान में रह रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना के समय महेंद्र गुप्ता नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी आशा देवी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर में ही मौजूद रहा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होता रहता था, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद में हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। खड़िया क्षेत्र में हुई इस घटना ने घरेलू हिंसा और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।