दो फीट जमीन के विवाद में 130 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक, डीएम को बुलाने की जिद

गाजीपुर। सुहवल थाना क्षेत्र के डुहियां गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद ने उस समय सनसनी फैला दी, जब एक युवक 130 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगा। युवक ने चेतावनी दी कि यदि उसकी बात नहीं सुनी गई तो वह टॉवर से छलांग लगा देगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।read more:https://pahaltoday.com/minister-of-state-inaugurated-the-newly-constructed-development-works/जानकारी के अनुसार सरैया गांव निवासी 22 वर्षीय सुनील बिंद का अपने पटीदारों के साथ करीब दो फीट जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार को एडीओ पंचायत उमेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई थी। पंचायत में विवादित जमीन को दोनों पक्षों में आधा-आधा बांटने का निर्णय लिया गया, लेकिन इस फैसले से सुनील संतुष्ट नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि रविवार तड़के करीब चार बजे सुनील गांव स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक का कहना है कि उसे पूरी जमीन चाहिए, क्योंकि उसी जमीन से उसके निर्माणाधीन मकान का मुख्य दरवाजा खुलेगा। टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर सुहवल थाना पुलिस समेत करीब 20 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस और ग्रामीण लगातार युवक को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। करीब छह घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा रही। युवक की मां मीना देवी ने बताया कि विधवा आवास योजना से मिले धन से मकान का निर्माण कराया जा रहा था, लेकिन जमीन विवाद के कारण निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पुलिस पूरी सतर्कता के साथ मौके पर मौजूद है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *