भदोही। भारत की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं साहित्यिक विरासत के संरक्षण हेतु संचालित “ज्ञान भारतम् अभियान के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला द्वारा गंगा तटवर्ती क्षेत्र कुंइया एवं ग्राम पंचायत धनतुलसी का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने क्षेत्र के प्राचीन धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक संरचनाओं एवं सांस्कृतिक धरोहरों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने वरिष्ठ भक्त कवि श्री राजधर पांडेय के निवास स्थान पर पहुंचकर उनसे भेंट की तथा ज्ञानवर्धक संवाद किया। ज्ञात हो कि राजधर पांडेय द्वारा श्रीमद्भागवत का पद्यानुवाद अत्यंत सरल एवं सहज हिंदी भाषा में किया गया है, जो भारतीय आध्यात्मिक साहित्य को जनसामान्य तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।read more:https://pahaltoday.com/the-district-magistrate-did-live-monitoring-of-the-dust-control-campaign/मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि “ज्ञान भारतम्” अभियान का उद्देश्य भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, लोकसाहित्य, पांडुलिपियों, शिलालेखों एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं डिजिटलीकरण करना है। उन्होंने प्रबुद्ध जनता, शोधकर्ताओं, शिक्षकों, साहित्यकारों एवं इतिहास प्रेमियों से आह्वान किया कि वे अपने पास उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों, शिलालेखों, दुर्लभ पुस्तकों, ऐतिहासिक अभिलेखों एवं अन्य प्रमाणिक तथ्यों को सुरक्षित रखते हुए स्वयं अपनी आईडी बनाकर “ज्ञान भारतम्” ऐप के माध्यम से अपलोड करें, जिससे भारतीय ज्ञान परंपरा का व्यापक डिजिटल संकलन सुनिश्चित किया जा सके।