भदोही। सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा अवैध परिवहन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशानुसार थाना औराई क्षेत्र में व्यापक स्तर पर संयुक्त सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र में वाहन चालकों एवं परिवहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। संयुक्त अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारी औराई श्याममणि मिश्रा, क्षेत्राधिकारी यातायात राजीव कुमार सिंह, एआरटीओ राम सिंह, खनन अधिकारी तथा प्रभारी निरीक्षक थाना औराई द्वारा किया गया। अभियान के तहत प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर बैरियर लगाकर वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान वाहनों के वैध दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, नंबर प्लेट, ओवरलोडिंग एवं शराब पीकर वाहन चलाने जैसे बिंदुओं पर विशेष रूप से जांच की गई। चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट संचालित 18 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। वहीं 01 वाहन चालक को शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर ड्रंक एंड ड्राइव के अंतर्गत चालान किया गया। इसके अतिरिक्त ओवरलोडिंग में संलिप्त पाए गए 03 वाहनों को निरुद्ध करते हुए उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई। संबंधित वाहनों पर कुल 1.95 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क भी आरोपित किया गया। read more:https://pahaltoday.com/dependents-of-deceased-contract-labourer-in-mining-area-received-cheque-of-rs-11-48-lakh/
अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों को निर्देशित किया गया कि वे वाहन चलाते समय सभी आवश्यक वैध प्रपत्र साथ रखें तथा निर्धारित यातायात नियमों का पूर्णतः अनुपालन करें। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि जनपद में अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग तथा यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार संयुक्त अभियान लगातार संचालित किए जाते रहेंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना, दुर्घटनाओं पर नियंत्रण स्थापित करना तथा आमजन को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।