गोरखपुर जिले के बड़हलगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा मुहालजलकर के खैरवा गांव में नव निर्मित माता दुर्गा मंदिर के पूर्ण होने पर शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत गांव की महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों ने भव्य कलश यात्रा निकालकर धार्मिक आस्था का परिचय दिया।कलश यात्रा दुर्गा मंदिर प्रांगण से वैदिक मंत्रोच्चारण और मां दुर्गा के जयकारों के बीच प्रारंभ हुई। श्रद्धालु गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ गहिरा घाट स्थित राप्ती नदी पहुंचे, जहां विधि-विधान से पवित्र जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर पुनः मंदिर परिसर पहुंचे और वैदिक रीति से कलश स्थापना की गई।आयोजन समिति के अनुसार रविवार को मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं सोमवार सुबह 7 बजे माता दुर्गा की प्रतिमा का पूरे गांव में भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद परंपरा के अनुसार माता पार्वती स्थल पर पहुंचकर धार्मिक विधि संपन्न कराई जाएगी।शाम को श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण होगा तथा वैदिक रीति-रिवाज के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा को मंदिर में स्थापित किया जाएगा। आयोजन को लेकर पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और ग्रामीण बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/sampoorna-samadhan-diwas-today-district-magistrate-will-listen-to-public-problems-in-sevrai-tehsil/इस दौरान क्षेत्र के कई सामाजिक एवं धार्मिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन में भाजपा युवा नेता सहित गांव के गणमान्य लोगों ने भी सहभागिता निभाई।