नजीबाबाद । नगर के व्यस्ततम कटहेरा मार्केट में मंगलवार तड़के आग का तांडव देखने को मिला। यहाँ स्थित एक तीन मंजिला कपड़ा शोरूम में भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। आग इतनी भयावह थी कि उसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और बाहर खड़ी एक स्कूटी भी जलकर ढांचा बन गई।read more:https://pahaltoday.com/farmers-are-troubled-by-encroachment-on-irrigation-department-land/
तड़के 4 बजे भड़की लपटें
जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 4 बजे दुकानदार तारु शंकर की कपड़ों की दुकान से अचानक धुआं और लपटें उठती देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते तीन मंजिला दुकान धू-धूं कर जलने लगी। शोरूम के बाहर खड़ी एक स्कूटी भी आग की भेंट चढ़ गई।
फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची। आग की तीव्रता को देखते हुए एक के बाद एक चार दमकल गाड़ियों को काम पर लगाया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू पाने में काफी संघर्ष करना पड़ा। संकरी गली और धुएं के गुबार के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकानदार के अनुसार, आग से लाखों रुपये के रेडीमेड कपड़े और फर्नीचर नष्ट हो गया है। आसपास के दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है और पड़ोस की दुकानों में भी आंशिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और आग बुझाने की प्रक्रिया जारी है।