गाजीपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध नियंत्रण की दिशा में मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. ईरज राजा ने की। इस दौरान जनपद के सभी सर्किलों के क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।read more:https://pahaltoday.com/traffic-police-crack-down-on-school-vehicles-and-underage-driving-38-challans-imposed-fines/बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में घटित होने वाले अपराधों की गहन समीक्षा करते हुए अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडा एक्ट, माफियाओं तथा अन्य संगठित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र की कानून व्यवस्था के लिए पूरी तरह जिम्मेदार होगा। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए थाना क्षेत्रों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा उन्हें कंट्रोल रूम से लिंक कराने के निर्देश दिए। ऑपरेशन दृष्टि और त्रिनेत्र अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, बाजारों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरों की निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ साक्ष्य संकलन में भी सहायता मिल सके।बैठक के दौरान पुलिस बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने, जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण तथा आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो सके। इसके अलावा समस्त थानों पर तैनात नवनियुक्त आरक्षियों से भोजन, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जवानों की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।