सहारनपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने जनपद के सभी प्रमुख टोल प्लाजा पर विशेष अभियान चलाते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। दो दिवसीय अभियान के दौरान 48 वाहनों के चालान किए गए तथा चार लाख 80 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया।
यातायात मुख्यालय के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में 10 और 11 मई की रात 8 बजे से 11 बजे तक “ड्रंक एंड ड्राइव” अभियान चलाया गया। अभियान में यातायात पुलिस, स्थानीय थाना पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों ने भाग लिया।
चेकिंग अभियान के दौरान जनपद के सभी प्रमुख टोल प्लाजा पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोका गया। विशेष रूप से ट्रक, भारी वाहन, कमर्शियल वाहन और रोडवेज बसों की सघन जांच की गई। पुलिस टीमों ने ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
अधिकारियों ने बताया कि शराब के नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता जा रहा है। ऐसे मामलों में सख्ती बरतते हुए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।read more:https://pahaltoday.com/the-dilapidated-roads-of-nanpara-have-become-a-problem-the-vip-road-is-also-in-a-dilapidated-condition/
अभियान के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारी और सम्भागीय परिवहन अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। संयुक्त टीमों ने वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की और यातायात नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई की।इस के अलावा चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों से हालचाल भी पूछा। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया गया। यातायात विभाग ने इस पहल को “मीट एंड ग्रीट” अभियान का नाम दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि आमजन की भी भागीदारी जरूरी है। वाहन चालकों से अपील की गई कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक अभियान लगातार जारी रहेंगे। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक यातायात ने कहा कि “आपकी सुरक्षा हमारा दायित्व” है और जनपदवासियों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाने की अपील की।