सहारनपुर। खाताखेड़ी क्षेत्र में कुत्ते के काटने से मासूम बालिका की हुई दुखद मौत के बाद नगर निगम में मामला गूंज उठा। पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर के नेतृत्व में पार्षद दल ने नगर आयुक्त शिपू गिरि से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये आर्थिक सहायता देने तथा एंटी रेबीज इंजेक्शन की जांच कराने की मांग उठाई।read more:https://pahaltoday.com/over-1-71-lakh-cases-settled-in-national-lok-adalat/
पार्षदों ने नगर आयुक्त को बताया कि नगर निगम द्वारा स्वान नियंत्रण एवं एंटी रेबीज अभियान पर प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, बावजूद इसके ऐसी दुखद घटना होना गंभीर चिंता का विषय है। परिजनों के अनुसार जिस कुत्ते ने बालिका को काटा था, उसे उसी दिन सुबह नगर निगम की टीम द्वारा एंटी रेबीज टीका लगाया गया था। इसके बाद भी बालिका की मौत हो जाना कई सवाल खड़े करता है। पार्षद दल ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर पीड़ित परिवार को तत्काल पांच लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। नगर आयुक्त शिपू गिरि ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि एंटी रेबीज इंजेक्शन एवं संबंधित पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान पार्षद समीर अंसारी, सईद सिद्दीकी, इज़हार मंसूरी, महमूद हसन, रईस पप्पू, आसिफ अंसारी, गुलज़ेब खान, ज़फर अंसारी, डॉ. मंसूर, मेनपाल तथा एडवोकेट जावेद सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।