शादी के तुरंत बाद परीक्षा देने पहुंची दुल्हन, दिखा शिक्षा के प्रति समर्पण

म्योरपुर, सोनभद्र। कहते हैं, हौसले और जिम्मेदारियों के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती। इसका जीवंत उदाहरण म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत पड़री के कमरीडाड़ टोले की नेहा कुमारी ने गुरुवार को पेश किया। नेहा, सुदर्शन यादव की पुत्री हैं, जिनकी शादी बराईडाड़ से आई बारात के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न हुई। शादी के बाद जब विदाई और गृह प्रवेश की रस्में पूरी हुईं, तो नेहा ने अपने कर्तव्य को प्राथमिकता देते हुए एक मिसाल कायम की। नव विवाहिता दुल्हन लाल जोड़े में सजी-धजी अपने पति मिथलेश के साथ सीधे रासपहरी स्थित श्रीराम डिग्री कॉलेज पहुंचीं और बीए पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल हुईं। उस दिन गृह विज्ञान विषय की परीक्षा निर्धारित थी। शादी की थकान और नई जिम्मेदारियों के बावजूद नेहा का यह कदम शिक्षा के प्रति उनकी गंभीरता और समर्पण को दर्शाता है। परीक्षा केंद्र पर मौजूद छात्र-छात्राएं और शिक्षक भी दुल्हन के इस जज्बे को देखकर प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके।read more:https://pahaltoday.com/census-training-completed-in-mahroni-city-practice-done-in-the-field/स्थानीय लोगों ने नेहा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है। यह घटना बताती है कि बेटियां शादी के बाद भी अपनी पढ़ाई और करियर को लेकर सजग हैं। नेहा की यह पहल क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *