सोनभद्र। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने फार्मर रजिस्ट्री एवं खातेदारों के अंश निर्धारण के लिए चार दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ किया है, जो 30 अप्रैल से 3 मई तक संचालित होगा। अभियान का उद्देश्य राजस्व अभिलेखों को अद्यतन कर किसानों से संबंधित डाटा की शुद्धता सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्व, कृषि, जिला पंचायत एवं विकास विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं तथा प्रत्येक लेखपाल के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा। इस दौरान पीएम किसान योजना के लाभार्थियों के डाटा में पाई गई त्रुटियां जैसे मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार और खतौनी में मिसमैच को प्राथमिकता से ठीक किया जाएगा और अधिकारियों को प्रतिदिन शाम 6 बजे तक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।read more:https://pahaltoday.com/two-warrantees-were-arrested-by-madanpur-police-station-and-one-warrantee-was-arrested-by-talbehat-police-station/
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य न होने पर संबंधित कार्मिकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश देते हुए इसे किसानों के अधिकारों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।