सोनभद्र। नगर के पंचशील मल्टीस्पेशलिटी हास्पिटल में एक बार फिर उपचार के दौरान रविवार की रात एक मरीज की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने चिकित्सकों पर उपचार में कथित लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद हास्पिटल गेट पर शव को रखकर दोषी चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे मृतक परिवार की महिलाओं के साथ अस्पताल कर्मियों द्वारा खुलेआम धक्का-मुक्की करते एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। उधर घटना की सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा ने पीड़ित परिजनों को जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए शव को अंत्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। जानकारी के अनुसार शाहगंज थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी राम विलाश उम्र 56 वर्ष को उपचार के लिए नगर के पंचशील मल्टीस्पेशलिटी हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, अस्पताल में करीब तीन दिनों तक मरीज राम विलाश को भर्ती कर चिकित्सक उपचार करते रहे। अस्पताल कर्मियों द्वारा तीन दिन में करीब एक लाख रूपए उपचार के नाम पर लिए गए। गत रविवार को अचानक मरीज की हालत गंभीर हो गई, बावजूद इसके चिकित्सकों ने मरीज के परिजन को हालत गंभीर होने से संबंधित कोई जानकारी नहीं दिए। देर शाम को जब मरीज की हालत और खराब हो गई तो, वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन मरीज को लेकर वाराणसी जा रहे थे, इसी बीच रास्ते में राम विलाश की मौत हो गई। बाद परिजन शव लेकर पंचशील मल्टीस्पेशलिटी हास्पिटल पहुंचे और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। उधर सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बाद पहुंचे क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा ने आक्रोशित परिजनों को जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए शव को अंत्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया। उधर मृतक के परिजनों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को लेकर अस्पताल प्रबंधन से मुलाकात कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन वे मौजूद नहीं मिले। लिहाजा उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।read more:https://pahaltoday.com/cdos-intensive-inspection-strict-instructions-on-quality-nutrition-and-cleanliness-in-schools/
महिलाओं से दुव्र्यवहार का वीडियो वायरल वाराणसी जाते समय रास्ते में मरीज की हुई मौत के बाद शव को लेकर पंचशील मल्टीस्पेशलिटी हास्पिटल पहुंचे मृतक परिवार की महिलाओं के साथ अस्पताल कर्मियों द्वारा धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। मामले में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में अस्पताल कर्मी मृतक परिवार की दो महिलाओं का हांथ पकड़ कर खिंचते नजर आ रहे हैं। वहीं, वीडियो बना रहा व्यक्ति उक्त कर्मियों से महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करने का कारण पूछता सुनाई दे रहा है।