कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के ग्राम उलियापुर में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय श्रमिक की जान चली गई। अंधेरे और सुरक्षा इंतजामों की कमी इस घटना की बड़ी वजह मानी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जनपद कन्नौज के थाना मकनपुर क्षेत्र के अरौल निवासी मोहम्मद नवाब (65) के रूप में हुई है। वह उलियापुर स्थित अंकुर गंगवार के तंबाकू गोदाम में अपने साथियों सलीम और मोहम्मद मियां के साथ मजदूरी करता था। रोज की तरह सभी श्रमिक गुरुवार रात को गोदाम की छत पर सो रहे थे। बताया गया कि देर रात नवाब लघुशंका के लिए उठा, लेकिन छत पर पर्याप्त रोशनी न होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। वह नीचे खड़े कृषि उपकरण ‘हैरो’ पर जा गिरा। धारदार हिस्सों से टकराने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब अन्य श्रमिकों की नींद खुली तो नवाब अपने स्थान पर नहीं मिला। नीचे देखने पर उसका शव पड़ा मिला, जिसे देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसकी सूचना तत्काल गोदाम मालिक और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राम नरेश माथुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसारread more:https://khabarentertainment.in/strictness-on-cheating-dm-ssp-conducts-surprise-inspections-at-centres-before-home-guard-recruitment-exam/प्रारंभिक जांच में मामला छत से गिरने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। mइस घटना के बाद गोदामों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बिना रोशनी और सुरक्षा के छत पर सोना मजदूरों के लिए कितना जोखिम भरा है, यह घटना उसी की एक दर्दनाक मिसाल बनकर सामने आयी है।