गाज़ीपुर। जनपद के नवागत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बुधवार पूर्वाह्न कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर डबल लॉक में आवश्यक अभिलेखों पर हस्ताक्षर करते हुए औपचारिक रूप से जिलाधिकारी गाज़ीपुर का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, उपजिलाधिकारी सदर व मुहम्मदाबाद तथा वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह पालिवाल सहित मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।read more:https://khabarentertainment.in/preparations-for-census-2027-in-full-swing-in-deoband-276-personnel-trained/
उल्लेखनीय है कि अनुपम शुक्ला वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इससे पूर्व वे जनपद अंबेडकर नगर में जिलाधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाधिकारी ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से संवाद किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया जनपद के विकास और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने मीडिया से विकास कार्यों में सहयोग करने, भ्रामक खबरों से बचने और कमियों की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। जिलाधिकारी ने सरकार की मंशा के अनुरूप ‘फार्मर रजिस्ट्री’ को प्राथमिकता बताते हुए किसानों से अपील की कि जिनका अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, वे कैंप के माध्यम से जल्द रजिस्ट्रेशन कराएं। इस दौरान सूचना अधिकारी राकेश कुमार सहित सभी मीडिया प्रतिनिधियों ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट किया। कार्यक्रम में जनपद के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।